Samachar Post रिपोर्टर,गढ़वा :गढ़वा जिले के धुरकी थाना क्षेत्र के अंबाखोरिया पंचायत अंतर्गत बरसोती गांव में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया। ट्रैक्टर अवैध बालू लेकर कनहर नदी के प्रतिबंधित घाट से जा रहा था। इस हादसे में भंडार गांव निवासी विजय लोहरा (पिता- सेवक लोहरा) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार कृष्णा कोरवा गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें :रांची के पुंदाग में दर्दनाक हादसा: नो-एंट्री में घुसे ट्रेलर ने दंपति को कुचला, महिला की मौत के बाद बवाल
ट्रैक्टर का चालक नाबालिग, मौके से फरार
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर को एक नाबालिग चला रहा था और वह अत्यंत तेज गति में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विजय लोहरा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल कृष्णा को स्थानीय लोगों ने मदद कर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्रैक्टर चालक घटना स्थल से फरार होने में सफल रहा।
ग्रामीणों का प्रदर्शन और सड़क जाम
हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया और धुरकी-नगर उंटारी मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर करीब आधा दर्जन अवैध बालू लदे ट्रैक्टर और एक टीपर को रोक लिया और उनके टायरों की हवा निकाल दी।
प्रशासन और अवैध बालू की मिलीभगत पर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से रात में अवैध बालू ढुलाई होती रही। उन्होंने सवाल उठाया कि बालू की जरूरत है तो इसे दिन में वैध तरीके से क्यों नहीं ढोया जाता। रात में तेज रफ्तार ट्रैक्टरों के कारण स्थानीय लोगों और बच्चों के लिए घर से बाहर निकलना भी खतरे भरा हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी ने शव को गुरुवार सुबह 7 बजे कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।
Reporter | Samachar Post