Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची के पुंदाग इलाके में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। नो-एंट्री के बावजूद घुसे एक ट्रेलर ने स्कूटी सवार दंपति को कुचल दिया, जिसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हैं। यह घटना लाल लाजपत नगर के पास उस समय हुई जब दंपति हज हाउस से अपने घर लौट रहे थे।मृतका की पहचान 51 वर्षीय मुनेजा खातून के रूप में हुई है। घायल पति रियासत अंसारी की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों इसी महीने हज यात्रा पर जाने वाले थे और कागजी प्रक्रिया पूरी कर लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें :विष्णुगढ़ हत्याकांड में बड़ा खुलासा: आरोपी के BJP कनेक्शन पर JMM का हमला
नो-एंट्री में कैसे घुसा ट्रेलर?
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस मार्ग पर रात 9 बजे तक नो-एंट्री लागू रहती है। इसके बावजूद ट्रेलर के प्रवेश को लेकर लोगों ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। महिला की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रेलर में तोड़फोड़ की। चापूटोली का मुख्य मार्ग पर घंटों जाम रहा। लोगों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया जिस कारण चापूटोली का मुख्य मार्ग पर घंटों जाम रहा।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
मौके पर पुलिस टीम और अधिकारियों ने पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन से 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।

Reporter | Samachar Post


