Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए राहत भरी पहल की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के तहत 10 और 11 अप्रैल 2026 को सदर अस्पताल में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में बच्चों की मुफ्त जांच से लेकर आवश्यकता होने पर शल्य चिकित्सा तक की सुविधा दी जाएगी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा होगी जांच
इस शिविर में अमृता हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। बच्चों के हृदय से जुड़ी बीमारियों की जांच की जाएगी और हृदय की प्रतिध्वनि जांच के माध्यम से बीमारी की सही स्थिति का पता लगाया जाएगा। जिन बच्चों को शल्य चिकित्सा की आवश्यकता होगी, उनका उपचार भी निःशुल्क किया जाएगा। इसके लिए बच्चों को कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल भेजा जाएगा, जहां संपूर्ण इलाज की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें :MGM मेडिकल कॉलेज में बायोमीट्रिक रिपोर्ट से हड़कंप, 25 डॉक्टरों की हाजिरी शून्य
राज्यभर में बच्चों की पहचान
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सभी जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया है कि ऐसे बच्चों की पहचान कर शीघ्र सूची उपलब्ध कराएं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया है।इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मुकेश कुमार और आदित्य कुमार को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभिभावकों से अपील
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के आईईसी नोडल पदाधिकारी डॉ. राहुल किशोर सिंह ने अभिभावकों से अपील की है कि जिन बच्चों में हृदय रोग के लक्षण दिखाई देते हैं, वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल से संपर्क करें। नगर निकाय और पंचायत प्रतिनिधियों से भी अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्रों में इस शिविर की जानकारी फैलाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा इस सुविधा से वंचित न रहे।
Reporter | Samachar Post