Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :झारखंड के चाईबासा में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुंडिया गांव में एक महिला पुजारी की हाथी के हमले में दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान चांदो देवी (56) के रूप में हुई है। वह मंदिरनुमा झोपड़ी में पूजा-पाठ के बाद सो रही थीं। देर रात जंगल से आए एक जंगली हाथी ने अचानक झोपड़ी पर हमला कर दिया और उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया।
यह भी पढ़ें :रजरप्पा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म: 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरे पुजारी ने भागकर बचाई जान
घटना के समय मौजूद दूसरे पुजारी लखन कुदादा पर भी हाथी ने हमला किया, लेकिन वह किसी तरह भागकर झाड़ियों में छिप गए और अपनी जान बचाने में सफल रहे। ग्रामीणों ने टॉर्च और मशाल की मदद से हाथी को खदेड़ा। घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही चांदो देवी की मौत हो गई। वहीं लखन कुदादा का इलाज ICU में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वन विभाग की कार्रवाई
मंगलवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया। विभाग ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन भी दिया है।
3 महीने में 25 मौतें
पश्चिमी सिंहभूम जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। पिछले 3 महीनों में 25 लोगों की मौत हुई है। जंगलों के सिमटने से इंसान-हाथी संघर्ष बढ़ा है। गांवों में दहशत का माहौल बनी हुई है। घटना के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। लोग रात में बाहर निकलने से बच रहे हैं और कई जगहों पर ग्रामीण पूरी रात जागकर पहरा दे रहे हैं।
Reporter | Samachar Post