Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :झारखंड के गुमला जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की सही आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर पूरे जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने अधिकारियों को गैस एजेंसी संचालकों के साथ नियमित बैठक करने और आम लोगों तक गैस सिलेंडर की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कुछ इलाकों में सिलेंडर की कमी की शिकायतें मिली हैं, लेकिन प्रशासन लगातार स्थिति सुधारने में जुटा है।
यह भी पढ़ें :रांची में गैस संकट गहराया, DC बोले- जनता को नहीं होने देंगे परेशानी
सघन छापेमारी अभियान चलाया गया
मंगलवार को जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी संगीता केरकेट्टा ने किया। टीम ने कई होटलों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ज्यादातर प्रतिष्ठानों में खाना बनाने के लिए लकड़ी के चूल्हे का उपयोग पाया गया। कुछ जगहों पर व्यावसायिक गैस सिलेंडर और उपकरण मौजूद थे, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग का कोई मामला सामने नहीं आया।
दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और किसी भी अनियमितता पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर का दुरुपयोग या कालाबाजारी हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
Reporter | Samachar Post