गुमला में तेज रफ्तार का कहर, पिलर से टकराई बाइक; एक की मौत

  • चैनपुर में देर रात हादसा, एक युवक गंभीर घायल; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

Samachar Post रिपोर्टर, गुमला: गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोगो मोड़ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पिलर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अनीश तिग्गा (26) और अमित रोसन बारवे (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बुरी तरह जख्मी हो गए।

अस्पताल ले जाते वक्त अनीश की मौत

दोनों घायलों को पहले चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया। रास्ते में ही अनीश तिग्गा ने दम तोड़ दिया, जबकि अमित का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना देने के साथ ही दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

यह भी पढ़ें: टैंकर पर चढ़कर बना रहा था रील, हाईटेंशन करंट से एक की मौत, दूसरा गंभीर झुलसा

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि जब घायलों को चैनपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, उस समय वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। अनीश तिग्गा की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर है, वहीं घायल अमित जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें