Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के विरोध में सोमवार को बंद का व्यापक असर दिखा। लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में दिल दहला देने वाली घटना के विरोध में सोमवार को पूरी तरह बंद का असर देखने को मिला। कोसुंभा गांव में 12 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश है। बंद के दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ रेलवे स्टेशन महावीर मंदिर में धूमधाम से मनेगा हनुमान जन्मोत्सव
सड़क जाम कर जताया विरोध
आक्रोशित लोगों ने विष्णुगढ़-हजारीबाग रोड को सात माइल मोड़ के पास जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक चले इस जाम के कारण यातायात प्रभावित हुआ।प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सात माइल मोड़, हॉस्पिटल मोड़ और अखाड़ा चौक जैसे प्रमुख इलाके पूरी तरह ठप रहे। रविवार शाम को निकाले गए कैंडल मार्च के दौरान ही बंद का निर्णय लिया गया था। सोमवार को उसी के तहत लोगों ने एकजुट होकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने तख्तियां लेकर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। इस बंद को भाजपा का भी समर्थन मिला। पार्टी के आह्वान पर जिलेभर में बंद का असर देखा गया। स्थानीय कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने मिलकर विरोध को व्यापक रूप दिया।
झुमरा बाजार भी रहा बंद
विष्णुगढ़ के साथ-साथ झुमरा इलाके में भी बंद का असर साफ दिखा। यहां भी दुकानों के शटर गिरे रहे और आम जनजीवन प्रभावित रहा। लोग एकजुट होकर न्याय की मांग करते नजर आए। पूरे क्षेत्र में लोगों की एक ही मांग है आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और प्रशासन पर जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ता जा रहा है।
Reporter | Samachar Post