Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची में रामनवमी के मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में निकलने वाले सभी जुलूसों को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। एसएसपी के निर्देश पर प्रमुख रूट्स पर ड्रोन सर्विलांस शुरू कर दिया गया है, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। रामनवमी जुलूस के दौरान रांची पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में पहले से ही ड्रोन तैनात कर दिए हैं। जुलूस के निकलने के साथ ही इन ड्रोन के जरिए हर गतिविधि की मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह निगरानी जुलूस के समाप्त होने तक लगातार जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें :आंजन धाम में रामनवमी की भव्य धूम, आदिवासी परंपरा और आस्था का अनोखा संगम
जमीन पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, 500 CCTV कैमरों से नजर
ड्रोन के साथ-साथ शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। सिटी, ग्रामीण और ट्रैफिक एसपी लगातार शहर का दौरा कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सभी पुलिसकर्मी सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद हैं। इस बार रांची में करीब 500 CCTV कैमरों के जरिए जुलूस की निगरानी की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों को कैमरों की जद में रखा गया है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
अल्बर्ट एक्का चौक से तपोवन मंदिर तक विशेष नजर
रामनवमी की अधिकांश शोभायात्राएं अल्बर्ट एक्का चौक से होकर तपोवन मंदिर तक जाती हैं। ऐसे में इस पूरे रूट को हाई सिक्योरिटी जोन में रखा गया है। यहां ड्रोन और CCTV दोनों से चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस बार किसी भी तरह की चूक नहीं होने दी जाएगी। सुरक्षा का मुख्य उद्देश्य रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Reporter | Samachar Post