Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद : झारखंड में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 30 मार्च से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान धनबाद समेत पूरे राज्य में चलाया जाएगा। धनबाद के सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में 30 मार्च से HPV वैक्सीन उपलब्ध रहेगी। अभियान को सफल बनाने के लिए विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
31 हजार बच्चियों का टीकाकरण लक्ष्य
इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को HPV वैक्सीन का सिंगल डोज दिया जाएगा। जिले में लगभग 31 हजार बच्चियों की पहचान की गई है, जिन्हें टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीकाकरण अभियान तीन महीने तक जारी रहेगा। इसके लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों को आवश्यक संसाधनों से लैस किया गया है।
यह भी पढ़ें: रांची के जलाशयों पर अतिक्रमण मामला: सरकार ने हाईकोर्ट से मांगा समय
सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामले
डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है। वर्तमान में प्रति एक लाख महिलाओं में करीब 12 महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक इस संख्या को घटाकर 4 तक लाना है।
मुफ्त में मिलेगा महंगा टीका
उन्होंने बताया कि HPV वैक्सीन वर्ष 2006 से उपलब्ध है। निजी क्षेत्र में इसके दो डोज की कीमत प्रति डोज करीब 10 हजार रुपये तक होती है। हालांकि, सरकारी अभियान के तहत यह टीका पूरी तरह मुफ्त दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस अभियान में जरूर शामिल कराएं, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।