लातेहार में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, डीसी ने बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक

Meenu | June 28, 2026 | 12:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,लातेहार :राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 के तहत रविवार को लातेहार सदर अस्पताल परिसर में उपायुक्त संदीप कुमार ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।

यह भी पढ़ें :गिरिडीह: पहरियाडीह में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

28 से 30 जून तक चलेगा अभियान

उपायुक्त ने कहा कि देश में फिलहाल पोलियो का कोई मामला नहीं है, लेकिन इसे पूरी तरह समाप्त बनाए रखने के लिए सतर्कता और जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि 28 से 30 जून तक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है।

बूथ पर पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाने की अपील

डीसी ने जिले के लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ तक लेकर जाएं और समय पर दवा पिलाएं। उन्होंने कहा कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे, लेकिन किसी बच्चे के छूट जाने की संभावना रहती है। इसलिए बेहतर होगा कि अभिभावक स्वयं बूथ पर पहुंचकर बच्चों को दवा दिलाएं।

स्वास्थ्यकर्मियों, सहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं की सराहना

उपायुक्त ने अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहिया दीदी की भूमिका की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य कायम रखा जा सकता है।

सिविल सर्जन ने भी की सहयोग की अपील

इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलको ने भी जिलेवासियों से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this news

संबंधित खबरें