Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :झारखंड के पलामू जिले में एक निजी आवासीय स्कूल से चार नाबालिग छात्र-छात्राओं के फरार होने का मामला सामने आया है। राहत की बात यह रही कि ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। घटना तरहसी थाना क्षेत्र स्थित ज्ञान गंगा आवासीय स्कूल की है। यहां पढ़ने वाले दो लड़के और दो लड़कियां बुधवार देर रात चुपचाप स्कूल परिसर से बाहर निकल गए। चारों बच्चे पैदल ही अपने घर की ओर जा रहे थे।
यह भी पढ़ें :झारखंड में हाथियों का आतंक: 2 की मौत, 1 गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत
35 किलोमीटर दूर था घर, नक्सल क्षेत्र से गुजर रहा था रास्ता
रास्ते में ग्रामीणों को चारों बच्चे संदिग्ध स्थिति में दिखाई दिए। शक होने पर उन्होंने तुरंत तरहसी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पुलिस के अनुसार, बच्चों में दो-दो सगे भाई-बहन शामिल हैं। एक जोड़ी मनातू थाना क्षेत्र के मझौली गांव की है, जबकि दूसरी डुमरी इलाके की रहने वाली है। दोनों गांव स्कूल से करीब 35 किलोमीटर दूर हैं और रास्ता नक्सल प्रभावित व जंगलों से होकर गुजरता है। ऐसे में समय रहते बच्चों का मिल जाना एक बड़ी राहत माना जा रहा है।
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही उजागर
एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने कहा कि वे घर जाने के लिए निकले थे। पुलिस ने सभी को सुरक्षित वापस लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में करीब 20 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन वहां नाइट गार्ड की कोई व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं, बच्चों के फरार होने की सूचना भी स्कूल की ओर से तुरंत पुलिस को नहीं दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
Reporter | Samachar Post