Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोर एक के बाद एक स्वर्ण दुकानों को निशाना बनाते हुए अब तक करीब 90 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर चुके हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी ठोस सुराग तक नहीं पहुंच पाई है।
ताजा मामला: दुकान का शटर तोड़कर 10 लाख की चोरी
नवीनतम घटना कांडी थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित नैनाबार मार्ग की है, जहां ‘अजय ज्वेलर्स एंड बर्तन’ दुकान को निशाना बनाया गया। चोरों ने शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी तब हुई जब दुकान संचालक अजय सोनी सुबह दुकान खोलने पहुंचे। इससे पहले एक स्थानीय व्यक्ति ने टूटा हुआ शटर देखकर उन्हें फोन पर सूचना दी थी। दुकान के अंदर का नजारा देखकर वे स्तब्ध रह गए अलमारी टूटी हुई थी और सभी कीमती गहने गायब थे।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर के बाद आग, 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत
पहले भी कर चुके थे कोशिश
दुकानदार के अनुसार, चोर पहले से दुकान पर नजर रखे हुए थे। 3 दिसंबर 2025 को भी अपराधियों ने दीवार में सेंध लगाकर चोरी की कोशिश की थी, लेकिन तब वे सफल नहीं हो पाए थे। इस बार उन्होंने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया जिले में इससे पहले भी दो बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, बिशुनपुरा में करीब 50 लाख रुपये की चोरी, गढ़वा मुख्यालय में लगभग 30 लाख रुपये के गहनों की चोरी इन मामलों में भी अब तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।
व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रही वारदातों से स्थानीय व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। अगर जल्द ही इन मामलों का खुलासा नहीं होता, तो व्यापारियों का गुस्सा और बढ़ सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।