Samachar Post डेस्क, रांची: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना सुबह करीब 6:30 बजे रायवरम के पास हुई। जगतियाल से कनिगिरी जा रही एक निजी बस की बजरी से लदे तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई।
बस में फंसे रह गए यात्री
आग तेजी से फैलने के कारण बस में सवार यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। खासकर बस के पिछले हिस्से में बैठे यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश कनिगिरी क्षेत्र के रहने वाले थे।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में ऑटो पलटा: मुंबई से लौट रहे 5 प्रवासी मजदूर घायल, एक की हालत गंभीर
घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल कई यात्रियों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
राहत-बचाव में आई मुश्किलें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि, भीषण आग के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ शव बस के अंदर फंसे होने की आशंका भी जताई जा रही है।
प्रशासन और सरकार की प्रतिक्रिया
मार्कपुरम के पुलिस उपाधीक्षक नागराजू ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और सत्यापन के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। इस हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रक के तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।