Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा में प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं में गड़बड़ी पर सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को DC रवि आनंद खुद टीम के साथ मिहिजाम रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल पहुंचे। उनके साथ एसडीओ अनंत कुमार, सिविल सर्जन एपीएन देव और बीडीओ अविश्वर मुर्मू भी मौजूद थे।
अस्पताल में मिली गंभीर अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई बड़ी खामियां सामने आईं जैसे डॉक्टरों की अनुपस्थिति, मरीजों की भीड़, लेकिन सुविधाओं का अभाव और पहले दिए गए शोकॉज नोटिस का जवाब नहीं। इन लापरवाहियों पर प्रशासन ने कड़ी नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें :नवजातों की जिंदगी बचाने की पहल: झारखंड के 60 से अधिक अस्पतालों में हाईटेक NBSU यूनिट का विस्तार
मोतियाबिंद ऑपरेशन में गड़बड़ी
जांच में सबसे बड़ा खुलासा मोतियाबिंद ऑपरेशन को लेकर हुआ। आयुष्मान भारत योजना के तहत किए गए ऑपरेशन के रिकॉर्ड में गंभीर गड़बड़ी पाई गई। कई मरीजों को जामताड़ा का बताया गया, लेकिन उनके मोबाइल नंबर केरल और राजस्थान के पाए गए, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका बढ़ गई है। अस्पताल परिसर में चल रही दवा दुकान भी नियमों के विपरीत पाई गई। बिना लाइसेंस प्राप्त फार्मासिस्ट के दवाइयों की बिक्री की जा रही थी, जो पूरी तरह गैरकानूनी है।
DC का सख्त एक्शन: अस्पताल सील
इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए DC रवि आनंद ने सिटी हॉस्पिटल को तुरंत सील करने का आदेश दिया। साथ ही अस्पताल संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान पास स्थित एक अन्य अस्पताल, मंगलम नेत्रालय में भी कई गड़बड़ियां सामने आईं। प्रशासन ने इसे भी खाली कराकर सील करने का आदेश दिया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले समय में ऐसे मामलों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post