जामताड़ा जिला परिषद अध्यक्ष बनीं दीपिका बेसरा, निर्विरोध जीतीं चुनाव

Rupa Kumari | March 24, 2026 | 02:50 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। कड़ी प्रशासनिक निगरानी के बीच हुए इस चुनाव में दीपिका बेसरा को एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया।

12 सदस्यों ने किया मतदान

चुनाव प्रक्रिया में जिला परिषद के कुल 12 सदस्यों ने हिस्सा लिया। पूर्व अध्यक्ष राधा रानी सोरेन इस दौरान अनुपस्थित रहीं, जबकि एक सीट सदस्य के निधन के कारण खाली है। इस मौके पर उपायुक्त रवि आनंद, डायरेक्टर जुगनू मिंज और पंचायती राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि मौजूद रहे। सभी अधिकारियों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया तय समय पर संपन्न कराई गई।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में 2 सड़क हादसे: एक बुजुर्ग की मौत, 3 गंभीर घायल, नशे में ड्राइविंग पर उठे सवाल

उपायुक्त ने दिलाई शपथ

निर्वाचन के बाद उपायुक्त रवि आनंद ने मौके पर ही दीपिका बेसरा को शपथ दिलाई और उनके कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत कराई। उन्होंने कहा कि जिला परिषद जिले के विकास में अहम भूमिका निभाती है और आगे विकास कार्यों में तेजी आएगी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से जिले के अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

समर्थकों में खुशी का माहौल

शपथ ग्रहण के बाद जिला परिषद सदस्यों और समर्थकों ने मिठाई बांटकर और माला पहनाकर दीपिका बेसरा को बधाई दी। मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। निर्विरोध जीत के साथ दीपिका बेसरा के सामने अब जिले के विकास कार्यों को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी है।

Share this news

संबंधित खबरें