Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। 45 वर्षीय गीता देवी की निर्मम हत्या कर दी गई। उनका शव सोमवार देर रात आरोदाना के पानुसाही जंगल में एक पेड़ के नीचे मिला, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गीता देवी सोमवार दोपहर करीब 3 बजे महुआ चुनने के लिए घर से निकली थीं। आम दिनों की तरह परिवार को उम्मीद थी कि वह शाम तक लौट आएंगी, लेकिन देर शाम तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
रातभर चला सर्च ऑपरेशन
परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद रात करीब 1 बजे उनका शव जंगल में महुआ के पेड़ के नीचे बरामद हुआ। घटनास्थल की स्थिति बेहद भयावह थी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने टांगी से गले पर कई वार किए, जिससे उनका गला लगभग धड़ से अलग हो गया था। मौके से खून से सनी टांगी भी बरामद हुई है, जिससे आशंका है कि आरोपी हत्या के बाद हथियार वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए गए हैं और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
महुआ सीजन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं जंगल जाती हैं, लेकिन इस घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post