Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के सिंगियाटांड़ गांव में सोमवार सुबह एक अफवाह ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। गांव में बछड़े का सिर और पैर मिलने की खबर फैलते ही दो समुदाय आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में अचानक तनाव बढ़ गया। स्थानीय स्तर पर फैली इस खबर के बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच टकराव की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक माहौल काफी गर्म हो चुका था। भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश के दौरान तनाव और बढ़ गया। स्थिति को काबू में करने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल भड़काने की कोशिश की। इस दौरान थाना प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हो गई।
यह भी पढ़ें :पाकुड़ में ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त, मारवाड़ी रोड पर रोज लग रहा जाम
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ मुरारी नायक, डीएसपी आशुतोष सत्यम, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी आशुतोष सत्यम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की तत्परता और लोगों की समझदारी से बड़ा हादसा टल गया। गांव में फिलहाल भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। वहीं, मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है और निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।
Reporter | Samachar Post