Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : गढ़वा जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल देखने को मिली है। यहां के BSKD पब्लिक स्कूल में पहली बार रोबोट डॉग का प्रदर्शन किया गया, जिसने छात्रों और अभिभावकों को खासा उत्साहित कर दिया।
वार्षिकोत्सव में दिखा AI का जलवा
स्कूल के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में रोबोट डॉग आकर्षण का केंद्र रहा। यह कभी हाथ मिलाता, कभी डांस करता और कभी उछलता-कूदता नजर आया। बच्चों के लिए यह अनुभव बिल्कुल नया और रोमांचक था। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि रोबोट डॉग आज के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) युग का प्रतीक है। शिक्षा में रोबोटिक्स और AI के बढ़ते इस्तेमाल से छात्रों में तार्किक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान जैसी क्षमताएं विकसित होंगी, जो उन्हें भविष्य के लिए तैयार करेंगी। UOLO Edtech Private Limited के जनरल मैनेजर सुशांत बनर्जी के अनुसार, उनकी कंपनी देश के हजारों स्कूलों में AI और रोबोटिक्स आधारित कार्यक्रम चला रही है। इससे छात्र नियमित पढ़ाई के साथ-साथ नई तकनीकी स्किल भी सीख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: संदिग्ध हालात में जवान की मौत: गन क्लीनिंग के दौरान चली गोली या आत्महत्या?
प्राथमिक स्तर से शुरू हुई रोबोटिक्स शिक्षा
स्कूल के निदेशक संजय सोनी ने बताया कि BSKD पब्लिक स्कूल में अब प्राथमिक कक्षाओं से ही रोबोटिक्स की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह समय हाईटेक शिक्षा को अपनाने का है, ताकि बच्चे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप है, जिसमें शुरुआती स्तर से ही कौशल विकास पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाना है। इस पहल से गढ़वा जिले के छात्रों को हाईटेक शिक्षा का अनुभव मिलेगा। साथ ही यह अन्य स्कूलों के लिए भी प्रेरणा का काम करेगा, जिससे भविष्य में शिक्षा का स्वरूप और अधिक आधुनिक हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।