Samachar Post रिपोर्टर, देवघर: देवघर में रामनवमी को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। त्योहार के मद्देनजर उत्पाद विभाग भी सक्रिय हो गया है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रूप से तैयार की जा रही देसी शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
200 लीटर महुआ जावा नष्ट
इसी क्रम में मोहनपुर प्रखंड के तिलैया मझियाना गांव में उत्पाद विभाग की टीम ने देर रात छापा मारा। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करीब 200 लीटर महुआ जावा को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। यह अभियान उत्पाद विभाग के प्रभारी मणिकांत कुमार की निगरानी में चलाया गया।
यह भी पढ़ें: अबू धाबी में हादसे का शिकार हुआ गिरिडीह का युवक, परिवार में मातम जैसा माहौल
आरोपी फरार, केस दर्ज
जानकारी के अनुसार, आनंदी मंडल नामक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब तैयार कर रहा था और उसे रामनवमी के दौरान बेचने की योजना थी। विभाग ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
प्रतिबंध के बावजूद जारी धंधा
जिले के कई ग्रामीण इलाकों में महुआ शराब का अवैध कारोबार अब भी जारी है, जबकि इस पर सख्त पाबंदी है। इससे पहले भी इस तरह की शराब के सेवन से कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
त्योहार पर सख्ती के संकेत
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामनवमी के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।