Samachar Post रिपोर्टर, चतरा : झारखंड के चतरा जिले के घंघरी इलाके में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर विरोध जताया गया।
नाइट ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान संजय सिंह (50) के रूप में हुई है, जो हंटरगंज थाना क्षेत्र के हीरिंग गांव के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार वे चतरा के नवनिर्मित आईटीआई कॉलेज में नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 4:50 बजे ड्यूटी खत्म कर वे अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घंघरी देवी मंडप के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर ने टेंपो और बस को मारी टक्कर, फल विक्रेता की मौत
हादसे के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए।
प्रशासन ने समझाकर खुलवाया जाम
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर बातचीत के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
परिवार को मुआवजा देने का आश्वासन
अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव कमान कच्छप और अंचल अधिकारी रितिक कुमार ने कहा कि प्रशासन मृतक के परिवार को हर संभव सहायता देने की कोशिश करेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।