Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : झारखंड के गुमला जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित कसीरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां छह साल के बच्चे अनमोल खड़िया का शव एक कुएं से बरामद किया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी कुलभूषण महली को गिरफ्तार कर लिया है।
जूस पिलाने के बहाने ले गया था बच्चा
मृतक की मां मंझली खड़ियाइन ने बताया कि गांव का कुलभूषण महली उनके बेटे अनमोल को जूस पिलाने का लालच देकर घर से अपने साथ ले गया था। उन्हें शक होने पर उन्होंने आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन वह चकमा देकर कहीं छिप गया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: कोडरमा के कई इलाकों में कल 9 घंटे बिजली रहेगी बंद, ग्रिड मरम्मत का काम
पुलिस ने कुएं से बरामद किया शव
सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम सदर थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। छानबीन के दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित एक कुएं से बच्चे का शव बरामद किया गया।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मामला
मृतक के पिता टन टनिया खड़िया की शिकायत पर आरोपी कुलभूषण महली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।