हॉस्टल में पंखे से लटकता मिला LLB छात्रा का शव, कमरे से सुसाइड नोट बरामद

Rupa Kumari | March 13, 2026 | 11:03 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बिहार : बिहार के रोहतास जिले में स्थित गोपाल नारायण विश्वविद्यालय, जमुहार के हॉस्टल में गुरुवार रात एक LLB छात्रा का शव पंखे से लटकता हुआ मिला। मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी (20) के रूप में हुई है, जो LLB के पांचवें सेमेस्टर की छात्रा थी। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से चार किशोरों की मौत, मैट्रिक परीक्षा देकर घूमने निकले थे

सगाई के बाद से तनाव में थी छात्रा

पुलिस पूछताछ में छात्रा की रूममेट ने बताया कि करीब एक महीने पहले प्रियंका की सगाई हुई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगी थी। रूममेट के अनुसार, गुरुवार को प्रियंका क्लास में नहीं गई थी और हॉस्टल में ही मौजूद थी। जब शाम में उसकी सहेलियां कमरे पर पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अन्य छात्राओं और हॉस्टल प्रबंधन को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया।

पुलिस की मौजूदगी में तोड़ा गया दरवाजा

पुलिस के पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां प्रियंका का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

परिसर में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज परिसर में आवाजाही पर अस्थायी रोक लगा दी है। मुख्य गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बाहरी लोगों के प्रवेश पर निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें