- फुलवारीशरीफ के ईसापुर की घटना, गंभीर हालत में भर्ती बुजुर्ग महिला ने पटना एम्स में तोड़ा दम, आरोपी बहू फरार
Samachar Post डेस्क,पटना :पटना के ईसापुर इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक बहू ने कथित तौर पर अपनी 70 वर्षीय सास की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना 9 मार्च की बताई जा रही है। मृतका की पहचान साबरा खातून (70) के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने उनकी बहू गुल अफसा खातून को आरोपी बनाया है, जो घटना के बाद से फरार बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :रांची-छत्तीसगढ़ रूट की एसी बस में लगी भीषण आग, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
कमरे में बंद कर बेरहमी से की पिटाई
परिजनों के मुताबिक आरोपी बहू ने पहले अपनी सास को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसने बेलन से उनकी बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि उसने बुजुर्ग महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और उनके जख्मों पर मिर्च भी डाल दी। इस क्रूर हमले में साबरा खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की जानकारी सबसे पहले मृतका की पोती ने अपने दादा कादिर कुरैशी को दी। इसके बाद परिजन और मोहल्ले के लोगों ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए AIIMS पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
आरोपी बहू की तलाश में पुलिस
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी बहू गुल अफसा खातून फरार है। उसका मायका पालीगंज के मुस्लिम मोहल्ला में बताया जा रहा है। पुलिस ने वहां भी छापेमारी की, लेकिन फिलहाल आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post