Samachar Post रिपोर्टर, रांची : एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए चर्चित होटल टीटॉस हत्याकांड के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान एक बार फिर सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि उसने पीड़ित परिवार को ऑडियो मैसेज भेजकर दोबारा धमकी दी है। इस धमकी के बाद पुष्कर महतो और राजकुमार गोप के परिवार में दहशत का माहौल बन गया है।
ऑडियो संदेश में दी गंभीर चेतावनी
सूत्रों के मुताबिक, प्रिंस खान ने ऑडियो मैसेज में कहा है कि पिछली बार केवल गोली चलाई गई थी, लेकिन अगली बार उनके घर पर गोली और बम से हमला किया जाएगा। साथ ही रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। इस ऑडियो के सामने आने के बाद परिवार के लोग काफी भयभीत हैं।
यह भी पढ़ें: कथित भारत विरोधी बयान पर झारखंड विधानसभा में हंगामा, भाजपा ने की बयान हटाने की मांग
पहले भी मिल चुकी है धमकी
पीड़ित परिवार को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। दिसंबर में भी धमकी मिलने के बाद होटल संचालक राजकुमार गोप ने रांची के एसएसपी राकेश रंजन और एयरपोर्ट थाना प्रभारी को इसकी जानकारी दी थी। पुलिस ने उस समय जांच के दौरान एक मोबाइल फोन भी जब्त किया था। हालांकि इसके कुछ समय बाद ही अपराधियों ने होटल में घुसकर हत्या की घटना को अंजाम दे दिया।
होटल में घुसकर की गई थी हत्या
7 मार्च की रात करीब 8:23 बजे अपराधियों ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के एक होटल में घुसकर युवक को गोली मार दी थी। मृतक की पहचान मनीष गोप के रूप में हुई थी, जो होटल संचालक राजकुमार गोप के चचेरे भाई थे। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गैंगस्टर प्रिंस खान ने खुद ली थी। घटना के बाद से रांची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
अब तक शूटरों की गिरफ्तारी नहीं
पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, लेकिन अब तक हत्याकांड में शामिल किसी भी शूटर की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लगातार मिल रही धमकियों के बीच पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।