बोकारो : पुलिस टीम पर हमला, कार में लगी आग, युवक कुणाल सिंह लापता

Rupa Kumari | March 11, 2026 | 10:23 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : शहर के पत्थरकट्टा चौक इलाके में मंगलवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुराने विवाद के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया और मौके पर खड़ी एक कार को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पुलिस के साथ आरोपियों की पहचान कराने गया युवक कुणाल सिंह अचानक लापता हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

एक महीने पहले हुई थी हिंसक झड़प

जानकारी के अनुसार करीब एक महीने पहले पत्थरकट्टा चौक पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस मामले में कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ आरोपी सेक्टर-8 स्थित डीएवी स्कूल के परिसर में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने स्थानीय युवक कुणाल सिंह को भी साथ लिया था।

यह भी पढ़ें: जनता से बदसलूकी बर्दाश्त नहीं, क्राइम मीटिंग में एसपी ने दिये सख्त निर्देश

पुलिस को देखते ही शुरू हुआ पथराव

जैसे ही पुलिस टीम डीएवी स्कूल के पीछे के हिस्से में पहुंची, वहां मौजूद संदिग्ध लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों और उनके साथ मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

कार को किया आग के हवाले

हमले के दौरान उपद्रवियों ने मौके पर खड़ी कार (संख्या JH15AG-1267) को निशाना बनाया और उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पथराव के दौरान कई युवक घायल भी हुए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पथराव के बीच लापता हो गया कुणाल

इस घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि कुणाल सिंह अचानक लापता हो गया। पथराव और भगदड़ के बीच उसका अब तक कोई पता नहीं चला है। परिवार वाले काफी परेशान हैं और किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।

पुलिस कर रही तलाश

घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में तलाश अभियान शुरू कर दिया है। डीएवी स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें