- हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव की घटना, मृतक की पहचान संजय पासवान के रूप में हुई
Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :पलामू जिले में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक खेत में युवक का शव बरामद हुआ। घटना हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव की है। मृतक की पहचान संजय पासवान के रूप में हुई है, जो बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर गांव का रहने वाला था। युवक का शव खेत में मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए, तब उन्होंने खेत में एक युवक का शव पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान संजय पासवान के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि संजय कुछ समय से अलीनगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था।
यह भी पढ़ें :गुमला में हाथी का कहर: दीवार गिरने से 4 माह की बच्ची की मौत, मां-बहन घायल
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
इकलौता बेटा था संजय
परिजनों के अनुसार संजय पासवान अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है और लोग युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।
Reporter | Samachar Post