- धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस अलर्ट, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड ने शुरू की तलाशी
Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए भेजे गए संदेश में दावा किया है कि इस बार 14 साइनाइड बम से कोर्ट परिसर में विस्फोट किया जाएगा। धमकी देने वाले ने मेल में लिखा है कि जब बेगुनाहों को इंसाफ नहीं मिल पाता तो कोर्ट होने का क्या फायदा।
यह भी पढ़ें :झारखंड विधानसभा में हंगामा: विपक्ष का वेल में प्रदर्शन, ‘अबुआ नहीं बबुआ सरकार’ कहकर बाबूलाल मरांडी का हमला
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद रांची पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम कोर्ट परिसर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम ने पूरे रांची सिविल कोर्ट परिसर की गहन तलाशी ली। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए कोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। यह पहली बार नहीं है जब रांची सिविल कोर्ट को इस तरह की धमकी मिली है। इससे पहले 28 फरवरी को भी अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल भेजकर कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी थी। उस समय भी पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए कोर्ट परिसर की पूरी जांच की जा रही है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। साथ ही धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है।
Reporter | Samachar Post