Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले की उपायुक्त समीरा एस ने सोमवार को राजस्व से जुड़े सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में चालू वित्तीय वर्ष में विभागों को दिए गए राजस्व लक्ष्य और अब तक हुई वसूली की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। DC ने विभागवार आंकड़ों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष समय में राजस्व वसूली की गति तेज की जाए और लक्ष्य हासिल करने के लिए ठोस रणनीति बनाकर काम किया जाए।
खनन विभाग को वसूली बढ़ाने का निर्देश
बैठक के दौरान खनन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए विभाग को 58,433.31 लाख रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया है, जिसके मुकाबले अब तक 14,517.10 लाख रुपये की ही वसूली हो पाई है। इस पर DC ने खान निरीक्षक को निर्देश दिया कि खनन क्षेत्र में राजस्व वसूली की प्रक्रिया तेज की जाए। साथ ही अगली समीक्षा बैठक में रॉयल्टी और पेनाल्टी का अलग-अलग आंकड़ा प्रस्तुत करने को कहा।
यह भी पढ़ें: पश्चिमी सिंहभूम में बच्चा चोरी की अफवाह पर बुजुर्ग महिला की पिटाई, हालत गंभीर
परिवहन विभाग लक्ष्य के करीब
परिवहन विभाग की समीक्षा में पाया गया कि विभाग को इस वित्तीय वर्ष में 7,608.30 लाख रुपये का लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले अब तक 7,587.61 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है। वहीं मोटरयान निरीक्षक को 449 लाख रुपये वसूली का लक्ष्य दिया गया था, जिसके मुकाबले 296.08 लाख रुपये की वसूली हुई है। DC ने शेष लक्ष्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
उत्पाद विभाग को छापेमारी जारी रखने के निर्देश
उत्पाद विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि विभाग को 16,759.50 लाख रुपये का वार्षिक लक्ष्य दिया गया है। फरवरी माह तक विभाग 14,812.88 लाख रुपये की वसूली कर चुका है। DC ने अवैध शराब और इससे जुड़ी गतिविधियों पर लगातार छापेमारी जारी रखने का निर्देश दिया, ताकि राजस्व वसूली में और वृद्धि हो सके।
नगर निगम और अन्य विभागों की भी समीक्षा
बैठक में मेदिनीनगर नगर निगम के राजस्व संग्रह की भी समीक्षा की गई। निगम को 1,560.55 लाख रुपये का लक्ष्य दिया गया है, जिसके मुकाबले अब तक 1,185.76 लाख रुपये की वसूली हुई है, जो लक्ष्य का लगभग 76 प्रतिशत है। इसके अलावा अवर निबंधन, राष्ट्रीय बचत और विद्युत आपूर्ति विभाग के राजस्व की स्थिति की भी समीक्षा की गई। DC ने सभी विभागों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा।
भू-लगान और म्यूटेशन मामलों पर जोर
बैठक में भू-लगान, दाखिल-खारिज, सक्सेशन म्यूटेशन, पार्टीशन म्यूटेशन और भूमि सीमांकन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। DC ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि म्यूटेशन के मामलों का तय समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
आपदा सहायता और ई-रेवेन्यू कोर्ट पर भी चर्चा
बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान प्राकृतिक आपदाओं और राज्य स्तरीय अधिसूचित आपदाओं से प्रभावित लोगों को सहायता राशि स्वीकृति से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। इसके अलावा ई-रेवेन्यू कोर्ट, भूमि सीमांकन और झारखंड लगान कलेक्शन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। बैठक में DC के अलावा अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, हुसैनाबाद एसडीओ, सहायक समाहर्ता, तीनों भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचल अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।