Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक होटल संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 की शाम करीब 6:45 बजे हुसैनाबाद थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जपला स्टेशन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक झोपड़ी होटल का संचालक अपने पास अवैध हथियार छिपाकर रखा हुआ है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर कार्रवाई के लिए एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में धड़ल्ले से चल रहा अवैध पत्थर खनन, प्रतिबंध के बावजूद जारी काम
होटल में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा
गठित टीम मौके पर पहुंची और झोपड़ी होटल में छापेमारी की। इस दौरान होटल में मौजूद एक व्यक्ति को सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामाकांत सिंह (42 वर्ष) बताया। वह बिहार के औरंगाबाद जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के मुन्निगया गांव का रहने वाला है।
टेबल काउंटर में छिपा रखा था कट्टा
तलाशी के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अवैध शराब की खरीद-बिक्री भी करता है। उसने अपने होटल के लकड़ी के टेबल काउंटर के अंदर एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली छिपाकर रखी थी। इसके बाद पुलिस ने काउंटर की तलाशी ली, जहां से लकड़ी का बैंट लगा एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई। बरामद गोली के पेंदे पर KF 8 MM अंकित है।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद हथियार और गोली को जब्त कर लिया है। इस मामले में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 5 मार्च 2026 के तहत धारा 25(1-बी)(आ) और 26 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। बरामद सामान, एक देशी कट्टा (लकड़ी का बैंट लगा हुआ), एक जिंदा गोली जिस पर KF 8 MM अंकित है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी चंदन कुमार कर रहे थे। टीम में नर्वदेश्वर सिंह, रमण यादव, अजय बैठा, टुनटुन कुमार के अलावा सिपाही सुशील कुमार शर्मा, रमेश नट और चालक सिपाही अखिलेश कुमार शामिल थे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।