Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। नापो गांव में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति की हत्या के बाद भाग रहे आरोपियों की स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार नापो गांव में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े रोहित साव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर स्कॉर्पियो वाहन से आए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसी वाहन से भागने लगे।
भागते समय लोगों को कुचला
भागने के दौरान आरोपियों की स्कॉर्पियो ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को कुचल दिया। इस घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान रांची में प्रदीप साव समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं मृतक की पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की स्कॉर्पियो वाहन को आग के हवाले कर दिया। इससे इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
यह भी पढ़ें :धनबाद : कार चालक ने दुकानदार को 100 मीटर तक घसीटा, चलती कार से सड़क पर फेंका
अवैध कोयला कारोबार से जुड़ा मामला, पुलिस ने शुरू की जांच
प्रारंभिक जांच में मामला अवैध कोयला कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार नापो गांव के बरवानिया इलाके में नए कोल हार्ड कूप फैक्ट्री के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। पिछले दो महीनों से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार भी तेजी से बढ़ा था। घटना की सूचना मिलने के बाद बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
Reporter | Samachar Post