Samachar Post रिपोर्टर,रांची :आज 2 मार्च को होलिका दहन है और पूरे झारखंड में इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। चौक-चौराहों पर लकड़ियों के ढेर सज चुके हैं और लोग शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यही है होली के दिन मौसम कैसा रहेगा? इस साल 3 मार्च को चंद्र ग्रहण लगने के कारण रंगों का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक होली के दिन राजधानी रांची में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 32°C के आसपास रहेगा और न्यूनतम तापमान 15°C के करीब रहेगा। साफ मौसम के कारण लोग होली का भरपूर आनंद ले सकेंगे। हालांकि दोपहर में तेज धूप और बढ़ती गर्मी से सावधान रहने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को लंबे समय तक धूप में रहने से बचने की जरूरत है।
मार्च की शुरुआत से ही बढ़ने लगी गर्मी
मार्च के पहले दिन ही रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस साल सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है। फिलहाल मार्च का पहला सप्ताह सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद तापमान तेजी से बढ़ सकता है। राज्य के कई जिलों में पहले ही पारा 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है चाईबासा में करीब 35°C , जमशेदपुर का पारा 35°C, डाल्टनगंज का पारा 36°C और बोकारो का पारा 35°C पहुंच चुका है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
अप्रैल-मई में बढ़ेगा असर, चल सकती है लू
मौसम विभाग के अनुसार मार्च अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है, लेकिन अप्रैल और मई में गर्मी का असर साफ दिखाई देगा। इस दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है और लू चलने की भी आशंका जताई गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और बदलते मौसम चक्र के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को अभी से सावधानी बरतने की जरूरत है पर्याप्त पानी पिएं, दोपहर की तेज धूप से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें, बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें आने वाले महीनों में गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है, इसलिए सतर्क रहना ही समझदारी है।
Reporter | Samachar Post