बिहार के डेली पैसेंजर को बड़ी राहत: ‘पेंडुलम सेवा’ की शुरुआत

Rupa Kumari | February 28, 2026 | 12:00 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, पटना: बिहार में रोजाना ट्रेन से सफर करने वाले हजारों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबी दूरी की ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और डेली पैसेंजर की परेशानी को देखते हुए दानापुर रेल डिवीजन ने ‘पेंडुलम सेवा’ नाम से नई ट्रेन सेवा शुरू की है। यह पहल खास तौर पर छात्रों, बैंककर्मियों, शिक्षकों, महिला यात्रियों और अन्य नौकरीपेशा लोगों को ध्यान में रखकर की गई है, जिन्हें रोज समय पर गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

पटना–दानापुर रूट पर भीड़ से राहत

पटना और दानापुर के बीच सुबह-शाम ट्रेनों में भारी भीड़ रहती थी। ऑफिस और कॉलेज टाइम में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ता था, वहीं ट्रेन लेट होने से कामकाजी लोगों को देरी की समस्या झेलनी पड़ती थी। इसी भीड़ को नियंत्रित करने और नियमित यात्रियों को समयबद्ध सुविधा देने के लिए ‘पेंडुलम सेवा’ शुरू की गई है।

यह भी पढ़ें: चास नगर निगम में फिर लहराया भोलू पासवान का परचम, निर्दलीय बनकर दर्ज की शानदार जीत

किन रूटों पर चलेगी सेवा?

यह नई सेवा झाझा से दानापुर और बक्सर से पटना के बीच संचालित की जा रही है। ट्रेन की टाइमिंग इस तरह तय की गई है कि सुबह यात्री समय पर पटना या दानापुर पहुंच सकें और शाम को कार्य समाप्ति के बाद आसानी से घर लौट सकें। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टाइम टेबल तैयार करते समय खासकर स्टूडेंट्स, बैंकर्स और शिक्षकों की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है।

क्या बोले अधिकारी?

दानापुर रेल डिवीजन के सीनियर डीसीएम अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि इस सेवा का मुख्य उद्देश्य डेली पैसेंजर को बेहतर सुविधा देना और लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़ कम करना है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है और भविष्य में भी आवश्यकता अनुसार ऐसे कदम उठाए जाएंगे।

आधुनिक इंजन से होगा संचालन

‘पेंडुलम सेवा’ का संचालन भारतीय रेल के एडवांस्ड डब्ल्यूएजी इंजन से किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक से लैस यह इंजन समयबद्ध संचालन में मददगार माना जाता है। रेलवे के मुताबिक, इस तरह की सेवा मॉडल पहले बड़े शहरों में सफल रहा है और अब इसे बिहार में लागू किया गया है।

रोजाना सफर होगा आसान

रेल प्रशासन को उम्मीद है कि इस नई पहल से हजारों डेली पैसेंजर को बड़ी राहत मिलेगी। अब समय पर ऑफिस और कॉलेज पहुंचने की चिंता काफी हद तक कम हो सकती है, जिससे रोजाना की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

Share this news

संबंधित खबरें