Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चुनाव से 72 घंटे पहले आपराधिक पृष्ठभूमि वाले नौ लोगों को जिला बदर करने की कार्रवाई की गई है। सभी को नोटिस जारी कर आगामी रामनवमी तक जिले की सीमा से बाहर रहने का निर्देश दिया गया है। यह कार्रवाई पलामू पुलिस के प्रस्ताव के आधार पर की गई। एसपी ने बताया कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। प्रशासन अन्य संदिग्ध और आपराधिक तत्वों पर भी नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के मद्देनजर जिले में पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।
यह भी पढ़ें :झारखंड निकाय चुनाव: आज शाम 5 बजे थमेगा प्रचार, 23 फरवरी को मतदान
जिला बदर किए गए लोगों की सूची
जिला बदर किए गए लोगों में चैनपुर थाना क्षेत्र के आसिफ अहमद उर्फ राजा खान, अशफाक खान, हसनैन अंसारी, फरहान कुरैशी उर्फ भोलू और मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के चंदन कुमार चंद्रवंशी, नितेश कुमार शर्मा उर्फ राहुल शर्मा और पांकी थाना क्षेत्र के दीपक कुमार भुइयां, कुश कुमार यादव और सतबरवा थाना क्षेत्र के गुलशन कुमार विश्वकर्मा हैं।
हथियारों का सत्यापन अभियान तेज
निकाय चुनाव को देखते हुए जिले में हथियारों के सत्यापन का अभियान भी तेज कर दिया गया है। जांच के दौरान 69 लाइसेंसधारियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है। जिन लोगों पर मुकदमे दर्ज हैं, उनके हथियार थानों में जमा कराए जा रहे हैं। जिले में लगभग 1200 हथियार लाइसेंसधारी हैं। वहीं कुछ लोगों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हथियार रखने की अनुमति जारी रखने का अनुरोध किया है, जिस पर प्रशासन विचार कर रहा है।
Reporter | Samachar Post