Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :गोला थाना क्षेत्र के भेड़ा पुल के पास ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने नकदी, आभूषण, हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किए हैं।
ओवरटेक कर हथियार के दम पर लूट
जानकारी के अनुसार रजरप्पा थाना क्षेत्र के जामुन टोला निवासी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार गोला बाजार में बिहारी ज्वेलर्स नाम से दुकान चलाते हैं। 4 फरवरी की शाम दुकान बंद कर वे मोटरसाइकिल से सुकरीगढ़ा गांव जा रहे थे। भेड़ा पुल के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और हथियार दिखाकर करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली। घटना के बाद गोला थाना में मामला दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें :नगर निकाय चुनाव से पहले अवैध शराब पर कड़ा प्रहार, उत्पाद विभाग का अभियान तेज
एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अजय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने केरेडारी निवासी दीपक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया। दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, गोली, आभूषण, पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की। इसके बाद पुलिस ने चरही क्षेत्र से मो. सद्दाम, ऐनुल अंसारी और मोईन अंसारी को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से आभूषण और एक ऑल्टो कार जब्त की गई।
न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना मो. सद्दाम है, जिसके खिलाफ बोकारो, रांची और रामगढ़ में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। बरामद सामान में हथियार, गोली, आठ जोड़ी बालियां, चेन, मंगलसूत्र, मोबाइल फोन और वाहन शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
Reporter | Samachar Post