कोडरमा जंक्शन पर दौड़ते-दौड़ते गिरे लिपिक, अस्पताल में तोड़ा दम

Rupa Kumari | December 23, 2025 | 11:11 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, कोडरमा : कोडरमा जंक्शन पर मंगलवार को एक सरकारी कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे।

ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी बनी हादसे की वजह

मृतक की पहचान नवादा (बिहार) निवासी 49 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वे जम्मूतवी एक्सप्रेस से गया जी अपनी पत्नी से मिलने जा रहे थे। ट्रेन खुलने में कम समय होने के कारण वे प्लेटफॉर्म पर दौड़ पड़े, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से गिरकर बेहोश हो गए।

यह भी पढ़ें:1992 बैच के संजीव कुमार बने झारखंड के नए PCCF, सरकार ने सौंपी वन विभाग की कमान

आरपीएफ ने पहुंचाया अस्पताल

घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पंकज कुमार को निजी क्लिनिक पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

सदर अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने पंकज कुमार को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदय गति रुकना माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

परिवार और विभाग में शोक

घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो प्रखंड के बीडीओ, कार्यालय के कर्मचारी और वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। परिजनों को भी जानकारी दी गई। बताया गया कि पंकज कुमार पिछले दो वर्षों से मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित थे। इससे पहले वे निर्वाचन विभाग में कार्यरत रह चुके थे। उनकी पत्नी गया जी जिले में शिक्षिका हैं और उनके दो छोटे बच्चे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें