Samachar Post डेस्क, रांची :भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में निर्धारित चौथा टी20 मुकाबला कोहरे की वजह से रद्द कर दिया गया। मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होना था, लेकिन बिना टॉस के ही इसे रद्द करना पड़ा। मैच के दिन घने कोहरे ने स्टेडियम में दृश्यता को बेहद खराब कर दिया। गेंद और फील्डरों की सुरक्षा को देखते हुए अंपायर्स ने कुल छह बार मैदान का निरीक्षण किया, लेकिन अंततः खेल को रद्द करने का निर्णय लिया गया। मैच का टॉस 6:30 बजे होना था, लेकिन कोहरे के कारण लगातार देरी होती रही।
यह भी पढ़ें :लखनऊ टी20 मैच रद्द: क्या मिलेगा टिकट का रिफंड? जानिए पूरी जानकारी
शशि थरूर ने BCCI को घेरा
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस मामले में बीसीसीआई की तैयारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस समय उत्तर भारत में डे-नाइट मैच कराने का फैसला सही नहीं था। थरूर ने सुझाव दिया कि चौथा मैच तिरुवनंतपुरम में कराया जाना चाहिए था, जहां मौसम और दृश्यता बेहतर रहती है। मैच रद्द होने के बाद बीसीसीआई की टूर और फिक्सचर कमेटी पर फिर से आलोचना शुरू हो गई। विशेषकर सर्दियों के मौसम में उत्तर और पूर्वी भारत में डे-नाइट मुकाबले कराने के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। अब यह देखना होगा कि बीसीसीआई अगले मैच के लिए क्या स्थान और समय तय करता है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Reporter | Samachar Post