- कोहरे के कारण बिना टॉस रद्द हुआ मुकाबला
Samachar Post डेस्क, रांची : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच लखनऊ में खेला जाने वाला चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच कोहरे और घनी धुंध के कारण रद्द कर दिया गया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यह मुकाबला बिना टॉस के ही रद्द घोषित किया गया, जिससे स्टेडियम पहुंचे हजारों दर्शक निराश हो गए।
मैच रद्द होने के बाद बढ़ी टिकट रिफंड की चिंता
मैच रद्द होने के बाद फैंस के बीच टिकट के पैसे को लेकर चिंता बढ़ गई। दर्शक यह जानना चाहते थे कि क्या उन्हें टिकट का रिफंड मिलेगा या नहीं।
यह भी पढ़ें: रांची से नई दिल्ली तक एकता का संदेश: ‘वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन’ शुरू
BCCI ने रिफंड को लेकर क्या कहा
बीसीसीआई की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो दर्शकों को टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाएगा। रात 9 बजकर 25 मिनट पर मैच रद्द होने की आधिकारिक घोषणा के साथ ही स्टेडियम में स्पीकर के जरिए रिफंड की जानकारी भी दी गई।
ऑनलाइन टिकट खरीदने वालों को कैसे मिलेगा पैसा
बीसीसीआई की पॉलिसी के अनुसार, जिन दर्शकों ने ऑनलाइन माध्यम से टिकट खरीदे हैं, उनका रिफंड उसी पेमेंट मोड में किया जाएगा, जिससे टिकट का भुगतान किया गया था।
काउंटर से टिकट लेने वालों के लिए रिफंड प्रक्रिया
जिन दर्शकों ने स्टेडियम के टिकट काउंटर से टिकट खरीदे हैं, वे अपना टिकट लौटाकर रिफंड प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए स्टेडियम में कुल 10 काउंटर बनाए जाएंगे। टिकट रिफंड की प्रक्रिया 19 दिसंबर से शुरू होगी।
दर्शकों के लिए जरूरी सलाह
फैंस को सलाह दी गई है कि वे अपना टिकट सुरक्षित रखें, क्योंकि बिना टिकट के रिफंड नहीं मिलेगा। मैच रद्द होने के कारण दर्शकों को किसी भी तरह का आर्थिक नुकसान नहीं होगा और पूरा पैसा वापस किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।