Samachar Post डेस्क, रांची :दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के शिल्पकार और प्रख्यात मूर्तिकार राम वनजी सुतार का बीती रात नोएडा स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके पुत्र अनिल सुतार ने यह जानकारी दी। राम सुतार लंबे समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे थे। राम सुतार का जन्म 19 फरवरी 1925 को महाराष्ट्र के धुले जिले के गोंदूर गांव में एक सामान्य परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव मूर्तिकला की ओर था। उन्होंने मुंबई के जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट एंड आर्किटेक्चर से शिक्षा प्राप्त की और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक भी जीता। सुतार की कृतियों में भारतीय कला और संस्कृति की झलक मिलती है। उनकी प्रमुख कृतियों में शामिल हैं संसद परिसर में महात्मा गांधी की ध्यानमग्न मुद्रा में प्रतिमा, छत्रपति शिवाजी महाराज की घोड़े पर सवार भव्य प्रतिमा, गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी।
यह भी पढ़ें :जेबीवीएनएल के खातों में भारी गड़बड़ी, 21.51 करोड़ रुपये का हिसाब गायब
योगदान के लिए कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले
राम सुतार को उनके योगदान के लिए कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिले पद्म श्री (1999), पद्म भूषण (2016), हाल ही में महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार मिला। उनके निधन से भारतीय कला और सांस्कृतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनकी कृतियां आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेंगी।
Reporter | Samachar Post