- ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से किया गया सम्मानित, 28वां विदेशी स्टेट अवॉर्ड
Samachar Post डेस्क, रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया” से सम्मानित किया गया है। इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाले वे दुनिया के पहले हेड ऑफ स्टेट या हेड ऑफ गवर्नमेंट बन गए हैं। पीएम मोदी को यह सम्मान उनके इथियोपिया दौरे के दौरान प्रदान किया गया। यह प्रधानमंत्री मोदी का अब तक का 28वां अंतरराष्ट्रीय स्टेट अवॉर्ड है, जो भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और कूटनीतिक प्रभाव को दर्शाता है।
“यह सम्मान 140 करोड़ भारतीयों का है” – पीएम मोदी
सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए कहा, दुनिया की एक अत्यंत प्राचीन और समृद्ध सभ्यता से सम्मानित होना मेरे लिए गौरव की बात है। यह सम्मान उन सभी भारतीयों को समर्पित है, जिन्होंने भारत और इथियोपिया के रिश्तों को मजबूत किया है। उन्होंने इस सम्मान को भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित किया।
यह भी पढ़ें: सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन आईपीएल में शामिल, KKR ने 30 लाख में खरीदा
इथियोपिया के पीएम अबि अहमद का जताया आभार
पीएम मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबि अहमद अली का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में हुए G20 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम अबि अहमद ने उन्हें इथियोपिया आने का आमंत्रण दिया था।
मोदी ने कहा, आपके स्नेह और अपनत्व ने मुझे सिर्फ 24 दिनों के भीतर इथियोपिया पहुंचा दिया।
शिक्षा क्षेत्र में भारत–इथियोपिया साझेदारी की सराहना
प्रधानमंत्री ने भारत और इथियोपिया के बीच शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत के कई शिक्षक इथियोपिया के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों में कार्यरत हैं और वहां की युवा पीढ़ी के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
भविष्य की साझेदारी पर दिया जोर
पीएम मोदी ने कहा, भविष्य उन साझेदारियों का है जो भरोसे और साझा विजन पर आधारित हों। भारत और इथियोपिया ऐसी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो वैश्विक चुनौतियों का समाधान निकाल सके और नए अवसर पैदा कर सके।”
सोशल मीडिया पर साझा किया सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस सम्मान को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, मुझे ‘इथियोपिया के महान सम्मान निशान’ से सम्मानित किए जाने पर गर्व है। मैं इसे भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करता हूं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।