Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में शराब घोटाले, आय से अधिक संपत्ति और भूमि विवाद से जुड़े मामलों में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जांच के दौरान चार करोड़ रुपये से अधिक की राशि से जुड़े नए वित्तीय सुराग हासिल किए हैं। ACB के मुताबिक, हालिया जांच में सामने आया मनी ट्रेल पहले से चल रहे घोटाले से अलग है। इसमें नकद लेन-देन, कई बैंक खातों के जरिए रकम का ट्रांसफर और जटिल वित्तीय गतिविधियां शामिल बताई जा रही हैं। इन नए सुरागों के बाद जांच एजेंसी ने केस का दायरा और बढ़ा दिया है।
यह भी पढ़ें :नीतीश कैबिनेट की बैठक आज, अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
पत्नी स्वप्ना संचिता से होगी पूछताछ
इन्हीं नए तथ्यों के आधार पर ACB की टीम आज विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से पूछताछ करेगी। जांच टीम उनके आवास पर पहुंचकर मनी ट्रेल से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन की गहन जांच करेगी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्वप्ना संचिता इस मनी ट्रेल में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। ACB सूत्रों का कहना है कि ये लेन-देन अकेले नहीं किए गए, बल्कि विनय सिंह के सहयोग से किए गए थे, जिन्हें विनय चौबे का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है।
जांच का दायरा और बढ़ा
ACB के इन नए खुलासों के बाद न सिर्फ विनय चौबे, बल्कि उनके परिवार और करीबी सहयोगियों पर भी जांच का शिकंजा कसता जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post