सांप के साथ खेलते समय सर्पमित्र अमित की मौत, इलाके में शोक

Rupa Kumari | December 15, 2025 | 01:57 PM IST
  • गोमो में दर्दनाक हादसा, जहरीले सांप ने डंसा

Samachar Post रिपोर्टर, गोमो : गोमो में शनिवार रात एक दुखद हादसे में सर्पमित्र अमित गुप्ता उर्फ फुचन की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सांप के साथ खेलते समय उन्हें जहरीले सांप ने डंस लिया, जिससे उनकी जान चली गई।

सांप पकड़कर जंगल में छोड़ने का करते थे काम

मिली जानकारी के अनुसार, अमित लंबे समय से सांपों को पकड़कर उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ने का काम करते थे। शनिवार को उन्होंने दो गेहूंअन सांप पकड़े थे। अंधेरा हो जाने के कारण वे सांपों को जंगल में छोड़ने की बजाय अपने घर ले आए।

परिजनों की चेतावनी को किया नजरअंदाज

घर पहुंचने के बाद अमित सांपों के साथ खेलने लगे। परिजनों ने उन्हें कई बार ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसी दौरान एक हाथ में सांप पकड़कर और दूसरे हाथ से वीडियो बनाते समय उन्हें सर्पदंश हो गया।

यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में आर्थिक तंगी से परेशान पिता ने 5 बच्चों संग लगाई फांसी, 3 बेटियों समेत पिता की मौत

इलाज के दौरान तोड़ा दम

सांप के डंसने के बाद अमित ने खुद उपचार की कोशिश की। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें गोमो के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में धनबाद रेफर किया गया। शनिवार देर रात एसएनएमएमसीएच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मोहल्ले में मातम, रविवार को अंतिम संस्कार

अमित की मौत की खबर फैलते ही जीतपुर मुहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को उनका अंतिम संस्कार जमुनिया नदी के तट पर किया गया। इस घटना ने लोगों को जंगली और जहरीले जीवों के साथ लापरवाही न बरतने की कड़ी सीख दी है।

Share this news

संबंधित खबरें