Samachar Post रिपोर्टर, रांची :बिहार STF और जिले की पुलिस ने मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा पार भेलवा दियारा में अवैध हथियार निर्माण नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मिनी गन फैक्ट्रियों का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद फैयाज को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई तस्कर नाव के जरिए फरार हो गए।
यह भी पढ़ें :लातेहार में टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, घुटाम खदान से 720 टन अवैध कोयला जब्त
छापेमारी में हथियारों का जखीरा बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और उपकरण कब्जे में लिए हैं। जिनमें शामिल हैं 3 पिस्टल, 2 अर्धनिर्मित पिस्टल, 3 जिंदा कारतूस, 4 बेस मशीन, ड्रिल मशीन, हैंड बेस मशीन, एक मैगजीन।
लंबे समय से चल रही थी मिनी गन फैक्ट्रियां
एसडीपीओ सदर अभिषेक आनंद ने बताया कि बिंद टोली भेलवा दियारा में लंबे समय से अवैध हथियार फैक्ट्रियां चल रही थीं। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई, जिसने नाव से गंगा पार कर इलाके में घेराबंदी की और अचानक छापेमारी कर फैक्ट्रियों को ध्वस्त किया।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कई फरार
अचानक हुई कार्रवाई में कई आरोपी भाग निकले, लेकिन पुलिस ने हथियार निर्माता मोहम्मद फैयाज को रंगे हाथों दबोच लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Reporter | Samachar Post