- DGGI ने GST फ्रॉड का किया खुलासा
Samachar Post रिपोर्टर, जमशेदपुर : डायरेक्टरेट जनरल ऑफ GST इंटेलिजेंस (DGGI) की जमशेदपुर यूनिट ने करोड़ों रुपये के टैक्स फ्रॉड का भंडाफोड़ किया है। यह ऑपरेशन पटना जोनल यूनिट के अतिरिक्त महानिदेशक ज्योति कुमार बुगुना के निर्देश पर और अतिरिक्त निदेशक सार्थक सक्सेना के नेतृत्व में संचालित किया गया।
लोहा कारोबारी प्रमोद अग्रवाल गिरफ्तार
छानबीन में पता चला कि फर्जी बिलिंग और बिना GST भुगतान के बड़े वित्तीय लेनदेन में लोहा कारोबारी प्रमोद कुमार अग्रवाल शामिल थे। तीन दिनों तक डाल्टेनगंज स्थित परिसरों में छापेमारी के बाद उसे गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर जमशेदपुर लाया गया।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज: घर से 1.349 ग्राम गांजा जब्त, अताउर शेख को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
छापेमारी में मिले दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड
DGGI टीम ने छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में वित्तीय दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और संदिग्ध लेनदेन के प्रमाण बरामद किए। आरोपी से साकची स्थित DGGI कार्यालय में कई घंटों तक पूछताछ की गई। पुलिस ने प्रमोद अग्रवाल को एमजीएम अस्पताल ले जाकर मेडिकल जांच कराई। इसके बाद शुक्रवार को उसे आर्थिक अपराध न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
जांच अभी जारी, और व्यवसायियों के नाम हो सकते हैं सामने
DGGI अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि फर्जी बिलिंग और GST चोरी का नेटवर्क व्यापक और व्यवस्थित तरीके से चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे डिजिटल और वित्तीय डेटा की फॉरेंसिक जांच आगे बढ़ेगी, और व्यवसायियों या फर्मों के नाम सामने आने की संभावना है। यह कार्रवाई राज्य में GST धोखाधड़ी के सबसे बड़े मामलों में से एक साबित हो सकती है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।