Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : चांडिल थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एनएच-33 पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। कारनीडीह और भादुडीह के बीच दो सवारी ऑटो के बीच ओवरटेकिंग के दौरान जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कुल 6 लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे एक ऑटो ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ गया और दोनों ऑटो आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि एक ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने की मदद, घायलों को निकाला बाहर
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण और स्थानीय युवक शेखर गांगुली तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए एनएच-33 पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से यातायात को सामान्य किया गया।
यह भी पढ़ें: जेम्को बाजार में युवक पर जानलेवा हमला, 20-25 लोगों ने धारदार हथियार से पीटा, हालत गंभीर
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस घायलों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। प्राथमिक जांच में ओवरटेकिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को उजागर करता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।