Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : पश्चिम बंगाल के सालानपुर ब्लॉक में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है। रूपनारायणपुर पुलिस ने केंद्रीय बलों के साथ मिलकर देर रात गोपनीय छापेमारी कर चार रसूखदार पत्थर माफियाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 7 जून की देर रात की गई, जिसके बाद पूरे खनन माफिया नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
देर रात गोपनीय ऑपरेशन में गिरफ्तारी
सूत्रों के अनुसार, जीतपुर-उत्तररामपुर और कल्या पंचायत क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध पत्थर खदानों का संचालन किया जा रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों और पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद प्रशासन ने कई धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीम ने रात के अंधेरे में खदान क्षेत्रों में छापेमारी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत सिंह, बिषम राय, मधुसूदन मंडल और राकेश कुमार सिंह उर्फ ‘जोगिंदर’ के रूप में हुई है। वहीं एक अन्य आरोपी मिहिर घोष मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
अवैध खनन से पर्यावरण और सरकारी संपत्ति को नुकसान
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध ब्लास्टिंग और खनन गतिविधियां चल रही थीं, जिससे गंभीर पर्यावरणीय और संरचनात्मक नुकसान हो रहा था। अत्यधिक खनन के कारण अजय नदी (अजय नद) के प्राकृतिक प्रवाह पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। वहीं खदानों के आसपास असुरक्षित गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया था। इसके अलावा, चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) के पास स्थित विद्युत शवदाह गृह की दीवारों में भी विस्फोटों के कारण दरारें आने की बात सामने आई है, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में 48 घंटे में डूबने से 2 लोगों की मौत, सुखलदारी वाटरफॉल से 20 घंटे बाद मिला युवक का शव
माफिया नेटवर्क पर बढ़ी सख्ती
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध खनन और ब्लास्टिंग पर लगाम लगाने के लिए की गई है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में ऐसे नेटवर्क के खिलाफ और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन कारोबारियों में दहशत का माहौल है और पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।