रांची में 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान, 5 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा

Meenu | June 25, 2026 | 04:15 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :रांची जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 जून से शुरू होकर 30 जून तक चलेगा। अभियान के तहत जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए दो बूंद जीवन रक्षक दवा पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार जिले में 5 लाख 5 हजार 524 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए 3893 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जहां बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।

यह भी पढ़ें :गिरिडीह: बालू घाट पर पुलिस की छापेमारी, भागने के दौरान पलटा ट्रैक्टर, चालक सुरक्षित

पहले दिन बूथों पर, फिर घर-घर पहुंचेगी टीम

अभियान के पहले दिन यानी 28 जून को सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा दी जाएगी। वहीं 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी, जो पहले दिन बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य चिन्हित स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है।

पोलियो मुक्त भारत बनाए रखने में अभियान की अहम भूमिका

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों तक पहुंचेंगी। अभियान के दौरान जिला अस्पताल, हाट-बाजार, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ट्रांजिट टीमों की तैनाती की जाएगी। बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के बाद उनकी उंगली पर निशान लगाया जाएगा और संबंधित घरों का चिन्हांकन भी किया जाएगा।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

सिविल सर्जन ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो एक गंभीर और स्थायी दिव्यांगता का कारण बनने वाली बीमारी है, लेकिन समय पर दी गई दो बूंद दवा बच्चों को इस बीमारी से सुरक्षित रखने में कारगर साबित होती है।

Share this news

संबंधित खबरें