रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार में बने गुप्त बॉक्स से 12 किलो अफीम बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार

Rupa Kumari | June 26, 2026 | 10:50 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची की ओरमांझी थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने अफीम छिपाने के लिए कार की सीटों के पीछे विशेष गुप्त बॉक्स बनवा रखा था, लेकिन पुलिस जांच में उनका यह तरीका भी काम नहीं आया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम के पांच पैकेट, एक कार, दो मोबाइल फोन और चाबी का गुच्छा बरामद किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

रांची एसएसपी को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर बुंडू क्षेत्र से भारी मात्रा में अफीम लेकर हजारीबाग की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर रूरल एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने रांची-रामगढ़ मार्ग स्थित एनएच-20 पर भेड़ा पुल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

सीट के पीछे बने थे गुप्त बॉक्स

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को चालक और सहचालक सीट के पीछे बने विशेष बॉक्स दिखाई दिए। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब इन बॉक्सों को खोला गया तो उनके भीतर पांच पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों से कुल 12 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। मौके पर उपलब्ध परीक्षण किट से पदार्थ की प्राथमिक पुष्टि की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय रॉबिन राज और 24 वर्षीय सुखलाल मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रॉबिन राज बिहार के गया जिले का निवासी है और फिलहाल रांची के ओरमांझी क्षेत्र में रह रहा था। वहीं सुखलाल मुंडा रांची जिले के दशमफॉल थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

यह भी पढ़ें: धनबाद हत्याकांड का खुलासा: अनुकंपा नौकरी पाने के लिए बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, 3 गिरफ्तार

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने संकेत दिया है कि इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्न सामान बरामद किया है। 12 किलोग्राम अफीम, एक वर्ना कार, दो मोबाइल फोन, चाबी का गुच्छा फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें