Samachar Post डेस्क, रांची : रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित लारी-बरलौंग के पास हुए भीषण सड़क हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि देर रात हुए इस हादसे में सात लोगों की मौत की खबर अत्यंत पीड़ादायक है।मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए मरांग बुरु से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।
कैसे हुआ हादसा?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर एक ट्रक और सवारी वाहन (पिकअप वैन) के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। पिकअप में बैंड-ताशा पार्टी के सदस्य सवार थे, जो एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ट्रक सीसीएल की तोपा कोलियरी से वैध कोयला लेकर धनबाद की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें: धनबाद हत्याकांड का खुलासा: अनुकंपा नौकरी पाने के लिए बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, 3 गिरफ्तार
पुलिस जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की भूमिका सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। यह हादसा रामगढ़ क्षेत्र की हालिया सबसे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसने कई परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

