Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी ने अपनी पत्नी और ससुर पर 23 लाख रुपये से अधिक की कथित ठगी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित अधिकारी का आरोप है कि शादी के बाद पारिवारिक जरूरतों और अन्य कारणों का हवाला देकर उनसे कई बार बड़ी रकम ली गई। भरोसे के आधार पर उन्होंने अलग-अलग समय में लाखों रुपये दिए, जिसकी कुल राशि 23 लाख रुपये से अधिक हो गई।
पैसे वापस मांगने पर बढ़ा विवाद
शिकायत के अनुसार, जब अधिकारी ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो उन्हें लगातार आश्वासन दिया गया, लेकिन पैसा नहीं लौटाया गया। समय बीतने के साथ दोनों पक्षों के बीच विवाद गहराता गया। अधिकारी का कहना है कि काफी समय तक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों, लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: NH-33 पर दो ऑटो की जोरदार टक्कर, 6 लोग घायल; ओवरटेकिंग बनी हादसे की वजह
हर पहलू की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला पारिवारिक संबंधों और आर्थिक लेन-देन से जुड़ा है, इसलिए जांच बेहद सावधानी से की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और बैंकिंग रिकॉर्ड समेत सभी दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की पड़ताल जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।