Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : चौथी रामगढ़ जिला योग चैंपियनशिप में बरकाकाना की प्रतिभाशाली छात्रा चहक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सब जूनियर गर्ल्स आर्टिस्टिक योगा प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता रामगढ़ स्थित ब्रह्मऋषि धर्मशाला में आयोजित की गई थी, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों और संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आर्टिस्टिक योगा में दिखाया शानदार प्रदर्शन
चहक ने सब जूनियर गर्ल्स वर्ग के आर्टिस्टिक योगा इवेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वह DAV School NTS Barkakana की छात्रा हैं। प्रतियोगिता के दौरान अतिथि एवं निर्णायक मंडल की सदस्य पुजा सिंह ने उन्हें गोल्ड मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
जिला स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही चहक का चयन राज्य स्तरीय योग चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है। यह प्रतियोगिता 25 से 28 जून तक आयोजित की जाएगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चहक जल्द ही नेतरहाट रवाना होंगी, जहां वह रामगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह भी पढ़ें: सरायकेला में हाइवा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
परिवार और प्रशिक्षकों में खुशी
चहक की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। उनके पिता संजय सोनकर, जो स्वयं कराटे कोच हैं, ने बेटी की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने बताया कि चहक को योग प्रशिक्षक स्मृति भारद्वाज के मार्गदर्शन में नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है। चहक की सफलता पर खेल और शिक्षा जगत से जुड़े कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। इस उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया जा रहा है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

